गलियारों में नजर आएंगे हरे-भरे पौधे, दूर होगी मोबाइल नेटवर्क प्राॅबलम, जानिए क्या है जिला प्रशासन का प्लान...
पंडित जेएलएन अस्पताल में आरएमआरएस की बैठक
जिला कलक्टर डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने बैठक में निर्देश
नागौर। जेएलएन राजकीय अस्पताल में सोमवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसाइटी की बैठक जिला कलक्टर डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में गत एजेण्डा सहित वर्तमान एजेण्डा के बिन्दुओं पर विचार मंथन के बाद जिला कलक्टर ने अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान पंडित जेएलएन राजकीय अस्पताल में चिकित्सकों व उनकी टीम ने कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के उपचार में बेहत्तरीय कार्य है, इसके लिए वे सराहना के पात्र हैं। अस्पताल में आक्सीजन प्लांट से लेकर कंसंट्रेटर तक की सुविधाएं मरीजों को मिली और वे स्वस्थ होकर घर की ओर लौटे। डाॅ. सोनी ने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है, इसकी तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाओं को अपडेट रखा जाए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में निर्माणधीन आॅक्सीजन प्लांट का काम जल्द ही पूरा किया जाए और सहायक कलक्टर प्रषासनिक स्तर पर इसकी नियमित माॅनिटरिंग करें।
डाॅ. सोनी ने निर्देश दिए कि मानसून सीजन को देखते हुए अस्पताल मुख्य भवन एवं एमसीएच विंग में कहीं भी लीकेज और मरम्मत के काम है तो उसे ठीक करवाएं। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल में डाॅक्टर्स चैम्बर में सभी सुविधाएं मुहैया करवाएं और प्रत्येक चैम्बर को वातानुकुलीत किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में हरियाली के लिए चिकित्सकों के चैम्बर्स सहित वार्डों के द्वार पर विभिन्न प्रजातियों के हरे-भरे पौधों के गमले लगाएं ताकि यहां आने वाले मरीज और उनके परिजन अच्छा वातावरण महसूस कर सकें।
बैठक में निर्णय किया गया कि एमसीएच विंग में मोबाइल नेटवर्क प्रोबलम दूर करने के लिए काम होगा। इसके तहत यहां वाई-फाई सुविधा भी विकसित होगी। डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ.शंकरलाल को निर्देश दिए कि जेएलएन अस्पताल को आबंटित की गई दस बीघा भूमि की पैमाईश करवाकर तारबंदी करवाएं। बैठक के दौरान जेएलएन अस्पताल में स्थित पुलिस चैकी में स्टाफ बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त श्रवण चौधरी को अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था लगातार बनाएं रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने पंडित जेएलएन अस्पताल मुख्य विंग एवं एमसीएच विंग को बिजली में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सोलर एनर्जी प्लांट लगाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देष दिए। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इसके लिए पूरी कार्ययोजना बनाएं ताकि सोलर प्लांट लगवाने की आगामी कार्रवाई पर काम हो सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मनोज कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मेहराम महिया, एमसीएच विंग के प्रभारी डाॅ. आरके सुथार, आरएमआरएस के सदस्य डाॅ. शंकरलाल परिहार, ब्लड बैंक प्रभारी डाॅ. सुनीता सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता जगदीश चंद्र व्यास, लेखधिकारी निर्मल पारीक सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारी मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें