एक चिंगारी… और सब कुछ खत्म: इंदौर की आग ने हमें क्या सिखाया?
आग के दौरान मकान में उठती आज की लपटे।कभी-कभी जिंदगी को खत्म होने में वक्त नहीं लगता… बस एक चिंगारी काफी होती है। इंदौर के प्रीति नगर में आज जो हुआ, वह सिर्फ एक हादसा नहीं था, वह एक ऐसा दृश्य था, जिसे सोचकर भी रूह कांप जाती है। ईवी चार्जिंग के दौरान हुए एक शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते पूरे घर को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही मिनटों में लपटें इतनी तेज़ हो गईं कि घर में रखे एलपीजी सिलेंडर भी फटने लगे। एक के बाद एक धमाके… और फिर चीखें। लेकिन सबसे डरावनी बात यह थी कि अंदर मौजूद लोग बाहर निकल भी नहीं पाए। 8 लोग जिंदा जल गए। 3 लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
आग में जल गए बच्चे का शव पोटली में लपेटकर ले जाते हुए।आग नहीं, बेबसी ज्यादा जली
पड़ोसी दौड़े… बाल्टियों में पानी लाए… दरवाज़े पर खड़े होकर आवाज़ें लगाईं… लेकिन जब सिलेंडर फटने लगे, तो हर कोई पीछे हट गया। क्योंकि उस वक्त कोई इंसान नहीं, आग और धमाकों का डर हावी था। यह वो पल था, जब इंसानियत मदद करना चाहती थी… लेकिन हालात ने हाथ बांध दिए।
मेहमान बनकर आए… और कभी लौट नहीं पाए
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि घर में कुछ लोग मेहमान बनकर आए थे। वे किसी कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर पहुंचे थे। किसे पता था कि जिस घर में ठहर रहे हैं, वहीं उनकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी। एक मासूम बच्चे का शव इतना जल चुका था कि उसे पोटली में बांधकर बाहर निकालना पड़ा… यह दृश्य सिर्फ एक खबर नहीं, एक ऐसा जख्म है जो लंबे समय तक भर नहीं पाएगा।
सवाल सिर्फ हादसे का नहीं, लापरवाही का भी है
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एक दुर्घटना थी?या इसमें कहीं न कहीं हमारी लापरवाही भी शामिल है? ईवी चार्जिंग जो आज के दौर में आम होती जा रही है, क्या हम उसकी सुरक्षा को उतनी गंभीरता से ले रहे हैं? क्या सही वायरिंग थी? क्या चार्जिंग सिस्टम मानकों के अनुसार था? क्या घर में फायर सेफ्टी का कोई इंतजाम था? शायद इन सवालों के जवाब ही इस हादसे की असली कहानी बताएंगे।
एक सीख, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता
इंदौर की यह आग सिर्फ एक घर को नहीं जलाई, इसने हमारी लापरवाही, हमारी तैयारियों की कमी और हमारी सोच को भी बेनकाब कर दिया है। आज जरूरत है कि हम समझें-
नई तकनीक (जैसे EV) अपनाना गलत नहीं है' लेकिन बिना सुरक्षा के उसे अपनाना खतरनाक जरूर है। घर में एक छोटा-सा शॉर्ट सर्किट, और फिर सिलेंडर… बस इतना ही काफी था सब कुछ खत्म करने के लिए।
अंत में…
कल तक जो घर हंसी से भरा था, आज वहां सन्नाटा है। कल तक जो लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे, आज उनकी पहचान तक मुश्किल हो गई। जिंदगी इतनी सस्ती नहीं होनी चाहिए कि एक चिंगारी उसे खत्म कर दे।
इंदौर का यह हादसा सिर्फ खबर नहीं है—
यह एक चेतावनी है,
जिसे अगर हमने आज भी नजरअंदाज किया,
तो अगली खबर शायद किसी और शहर से आएगी…
और कहानी फिर वही होगी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें