राजस्थान में गहलोत और वसुंधरा के 22 साल पुराने गठजोड़ से जनता आहत.. जानिए सांसद बेनीवाल ने क्यों लगाए हैं यह गंभीर आरोप..
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान में वर्तमान राजनैतिक हालतों पर बयान देते हुए कहा कि इस कारण राज्य की कानून व्यवस्था आईसीयू में आ गई है और अपराध चरम पर है। बेनीवाल ने कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रभावित हुई भर्तियों को लेकर आंदोलित है और विगत 22 सालो से चला आ रहा गहलोत-वसुंधरा गठजोड़ साफ-साफ झलक रहा है।
एक तरफ जहां वसुंधरा अपने पक्ष में उन नेताओं से बयान दिलवा रही है जो वसुंधरा के शासन में आकंठ भ्र्ष्टाचार में डूबे हुए थे वही सीएम गहलोत उनकी जी-हुजूरी करने वाले नेताओं से स्वयं के पक्ष में बयान दिलवाने में व्यस्त हैं। सांसद ने कहा कि कोरोना काल से प्रभावित हुए लोगों के लिए केंद्र व राज्य सरकार के पैकेज केवल अखबारों के बयानों तक सीमित नजर आ रहे हैं और राजस्थान में ऐसा दौर पहले कभी नही आया जब विधायक सीएम को धमका रहे हैं और खुद की जैबे भरने में व्यस्त है।
बेनीवाल ने भाजपा व कांग्रेस दोनों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा के नेता बयानों में व्यस्त रहे और ऑक्सीजन की कमी व ब्लैक फंगस के कारण राज्य में मौतें होती रही और राजस्थान के भाजपा के सांसद गण भी केंद्र में राज्य के लिए प्रभावी पैरोकारी करने में नाकाम नजर आये और इन सब कारणों से जो हालत बने उसमे भाजपा व कांग्रेस दोनों जिम्मेदार है।
बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में भाजपा के नेताओं पर भी भ्र्ष्टाचार के आरोप आये दिन लग रहे हैं और ऑडियो व वीडियो सामने आ रहे हैं और धरातल पर भी भाजपा राजस्थान में विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम नजर आ रही है।राजस्थान में गहलोत ही कांग्रेस है और वसुंधरा ही भाजपा है। केवल इस जाप के साथ अधिकतर नेता अपना समय व्यतीत कर रहे हैं जिन्हें जनता के हितों के साथ कोई सरोकार नही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सम्पूर्ण वैक्सीनेशन के बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी बड़ा जन आंदोलन करेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें