विदेश जाने वाले अब 28 दिन बाद भी लगवा सकते हैं कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, जानिए क्या रहेगी प्रक्रिया..
नागौर। अब विदेश जाने वाले विद्यार्थी, मजदूर, निजी कार्मिक तथा खिलाड़ी कोरोना वैक्सीनेशन की दूसरी डोज 84 दिन से पहले भी लगवा सकते हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर मनोज कुमार ने बताया कि जिले में 31 अगस्त 2021 से पूर्व विदेश जाने वाले ऐसे व्यक्ति जिन्हें कोविशील्ड वैक्सीन की प्रथम डोज लिए हुए 28 दिन पूर्ण हो गए हैं एवं 84 दिन पूरे नहीं हुए, उनके वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के संबंध में शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान, जयपुर द्वारा दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जिसके अनुसार ऐसे व्यक्ति, विद्यार्थी जिनको विदेश में पढ़ने के लिए जाना है या जो विदेश में नौकरी कर रहे है तथा खिलाड़ी या उनसे संबंधित व्यक्ति जो कि टोक्यो ओलम्पिक खेलों में भाग लेने जा रहे हैं या जाएंगे, वे दूसरी डोज के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन पोर्टल (कोविडइंफो डाॅट राजस्थान डाॅट जीओवी डाॅट इन) पर जाकर (ई-इंटीमेशन फाॅर प्रायर वैक्सीनेशन) लिंक पर अपनी विदेश जाने संबंधी विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन करना होगा।
यह रहेगी प्रक्रिया
ऑनलाइन दस्तावेज सबमिट करने के बाद लाभार्थी की रजिस्टर्ड मेल आईडी अथवा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस आएगा, जिसकी जांच की जाएगी। प्रकरण को स्वीकृत या अस्वीकृत किए जाने के बाद लाभार्थी के पास एसएमएस आएगा। एसएमएस में अस्वीकृति का कारण बताया जाएगा। इसके बाद संबंधित उस कमी को पूरा करके दोबारा आवेदन कर सकेगा। स्वीकृति मिलने पर निर्धारित दिनांक को कोविशील्ड लगवाने के लिए रजिस्टर्ड ईमेल आईडी अथवा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस जाएगा। जिसके आधार पर उसे वैक्सीन लगवाई जा सकेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें