भारत में ₹100 देकर उम्मीद कर रहे हैं कि खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीते! उचित प्रोत्साहन राशि के अभाव में राजस्थान की खेल प्रतिभाएं तोड़ रही है दम?
खिलाड़ियों के प्रति बरती जा रही उदासीनता का नमूना शुक्रवार दोपहर में रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। जिले के हॉकी खिलाड़ी नेशनल लेवल का गेम खेलने नागौर से लुधियाना के लिए रवाना हो रहे थे। यह वह खिलाड़ी है जिनको हॉकी खेल की ट्रेनिंग के लिए राज्य सरकार ₹100 प्रतिदिन दिया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लुधियाना जाने पर इन खिलाड़ियों को टीए डीए के पेटे ₹200 प्रतिदिन मिलेंगे। खिलाड़ियों के कोच ने इस राशि को अपर्याप्त बताते हुए सरकार से उचित राशि देने की गुजारिश की है।
जानकारी अनुसार लुधियाना में 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसके लिए नागौर से राजस्थान की टीम रवाना हुई। लड़के और लड़कियों की दो टीमें लुधियाना के लिए गई है। दोनों टीमों में 18 - 18 प्रतिभागी टीम में शामिल है।
बॉयज टीम के कोच हनुमंत सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाएं पर्याप्त नहीं है। ₹200 प्रतिदिन खिलाड़ियों को टीए डीए के नाम देकर मजाक किया जा रहा है। ट्रेनिंग कैंप के लिए मात्र ₹100 प्रतिदिन देकर खिलाड़ियों से उम्मीद की जाती है कि वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मेडल जीते।
--- प्रवीण चौहान---


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें